Home रायगढ़ न्यूज झीरम के शहीदों को नमन किया गया कांग्रेस भवन में

झीरम के शहीदों को नमन किया गया कांग्रेस भवन में

by SUNIL NAMDEO EDITOR

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। कांग्रेस भवन रायगढ़ में आज झीरम कांड की 11 वीं बरसी पर परिवर्तन यात्रा में बस्तर के क्षेत्र में हुए नक्सल हमले में मारे गए प्रदेश कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के नेताओं कार्यकर्ताओं वाहन चालकों व सुरक्षा कर्मियों की शहादत पर उन्हें नमन कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, साथ ही कांग्रेस जनों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर सभी दिवंगत नेताओं को नमन किया। वहीं, रायगढ़ के पूर्व विधायक व पूर्व केबिनेट मंत्री स्व. डॉ. शक्राजीत नायक की जयंती पर उन्हें भी नमन किया गया।

       अपने उदबोधन में झीरम के शहीद नेताओं के विषय मे कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने बताया कि देश के सबसे बड़े आंतरिक हमलों में से एक झीरम घाटी का नक्सल हमला था जो हृदय विदारक होने के साथ मानव मन को झकझोर देने वाली घटना थी। परिवर्तन यात्रा में जिन प्रमुख हस्तियों ने अपनी जान गंवाई थी उनमें सभी शाहिद हुए। वरिष्ठ नेताओं के साथ हमारे रायगढ़ जिले के माटी पुत्र प्रदेश कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष नंदकुमार पटेल व उनके पुत्र दिनेश पटेल की खबर ने प्रदेश वासियों को स्तब्ध कर दिया था।

         अनिल शुक्ला ने आगे बताया कि नंदकुमार पटेल में अभूतपूर्व क्षमता थी। उन्होंने गांव के सरपंच से लेकर गृहमंत्री तक का सफर तय किया। उनके कार्यों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। वहीं, सलवा जुडूम के प्रणेता महेंद्र कर्मा नक्सलवाद के कट्टर विरोधी थे जो झीरम घाटी नक्सल हमले में ही शहीद हुए। इसके साथ ही विद्याचरण शुक्ल भी इस दिन गोलियों से आहत हुए व उपचार के बाद उन्होंने भी अपने प्राण कांग्रेस के लिए न्योछावर कर दिए थे। हम सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

         जिला कांग्रेस प्रभारी महामन्त्री शाखा यादव ने कहा कि झीरम घाटी की परिवर्तन यात्रा में हुए नक्सल हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, दिनेश पटेल बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, उदय मुदलियार सहित 32 लोगों की शहादत हुई थी। इसमें सभी प्रथम पंक्ति के नेताओं के उनके सार्वजनिक जीवन में किये गए जनहित कार्यों को हम कांग्रेसजन सदियों तक नहीं भुला पाएंगे। शाखा यादव ने स्व. डॉ शक्राजीत नायक की जयंती पर उन्हें नमन कर कहा कि उनके राजनीतिक व सामाजिक जीवन मे उनके योगदान को कभी भी नही भूल सकते।

        कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, शहर कांग्रेस के प्रभारी महामन्त्री शाखा यादव, संतोष राय, नारायण घोरे, हरेराम तिवारी प्रदेश प्रवक़्ता, विकास ठेठवार नगर कांग्रेस अध्यक्ष, संतोष चौहान, दयाराम ध्रुवे, राकेश पांडेय, शेख ताजीम, विनोद कपूर, रोहित महन्त,बराजू चौहान, भरत तिवारी, प्रदीप मिश्रा, उस्मान बेग, रवि पांडेय, गोविंद साहू, राजू बहिदार, गौरांग अधिकारी, रितेश शर्मा, रमेश साव, लीलाधर साहू, सौरभ अग्रवाल,बरामजी स्वर्णकार, घासीदास महन्त सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You may also like