Home रायगढ़ न्यूज लाल किले के भव्य पंडाल में विराजेंगी दक्षिण चक्रधर नगर की दुर्गा माता

लाल किले के भव्य पंडाल में विराजेंगी दक्षिण चक्रधर नगर की दुर्गा माता

by SUNIL NAMDEO

लेजर लाइट शो होगा आकर्षण का केंद्र, ऑपरेशन सिंदूर की थीम में देशभक्ति का दिखेगा गजब जज्बा

रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। शहर के दक्षिण चक्रधर नगर में 55वें बरस दुर्गा पूजा उत्सव बेहद खास होगा। लाल किले के पंडाल में अम्बे भवानी विराजेंगी। वहीं, दिल्ली का लेजर लाइट शो आकर्षण का केंद्र बनेगा। यही नहीं, ऑपरेशन सिंदूर की थीम में जगदम्बे की शक्ति के साथ देशभक्ति का ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा।

                 शनिवार शाम प्रेसवार्ता में दुर्गा पूजा उत्सव के प्रमुख आशीष ताम्रकार ने बताया कि दक्षिण चक्रधर नगर अतरमुड़ा का 55वां वर्ष है। अबतक समिति का अलग-अलग साजसज्जा आकर्षण का केंद्र बनता रहा है, इसलिए अबकी बार धार्मिक आयोजन को अविस्मरणीय बनाने के लिए 2 महीने पहले से तैयारी शुरू हो चुकी है। इस वर्ष लाल किला के भव्य पण्डाल में दुर्गा प्रतिमा विराजेंगी। साथ ही दिल्ली के लेजर लाइट के जरिये ऑपरेशन सिंदूर की अनोखी झलक भी दिखेगी। दुर्गा पंडाल के भीतर कोसमनारा के कलाकार अपनी मेहनत से वातावरण को रंगत देने सक्रिय हैं।

युवा नेता आशीष ताम्रकार ने आगे बताया कि 55 साल पहले यानी 1971 में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के समीप शुरुआत के साथ ही समिति द्वारा दुर्गा पूजा की परम्परा की शुरुआत की गई थी, जो आज भी जारी है। यह चौथा वर्ष है, जिसमें ईनामी कूपन द्वारा भाग्यशाली विजेताओं को मां अम्बे के प्रसाद स्वरूप पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष ईनामी कूपन की सहयोग राशि 500 से घटाकर 300 कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दुर्गोत्सव के लिए स्वेच्छा से दान कर सके। ईनामी कूपन में कुल पुरस्कार 89 हैं। इसमें कार, बुलेट, 2 एक्टिवा, 4 होंडा बाइक, 4 फ्रिज, 4 वाशिंग मशीन, 4 एलईडी स्मार्ट टेलीविजन, 4 कूलर, 4 ट्रॉली सेट, 11 मिक्सर ग्राइंडर और चांदी के 51 सिक्के शामिल हैं।

     वहीं, संयोजक राजेश त्रिपाठी ने जानकारी दी कि दुर्गा माता की 14 फीट की मूर्ति बनेगी। नवरात्रि के छठवें रोज मूर्ति स्थापना होगी और दशहरे के दूसरे रोज विसर्जित किया जाएगा। वर्तमान हालात को देख जनहित के लिहाज से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पंडाल में सीसीटीवी के साथ 4 महिला सहित 10 सिक्यूरिटी गार्ड्स भी तैनात रहेंगे। दुर्गा पूजन उत्सव के संयोजक राजेश त्रिपाठी और सहसंयोजक शुभम पवार व मनोज पांडेय समेत समिति के अन्य सदस्य कार्यक्रम को यादगार बनाने तन, मन, धन से एक्टिव हैं।

You may also like