मनभावन रथ, भव्य बाजे – गाजे और आतिशबाजी के साथ निकली यादगार शोभा यात्रा
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के रामलीला मैदान स्थित दादू भवन में रायगढ़ के श्री गुरु दादू द्वारा ट्रस्ट के श्रद्धालुओं द्वारा भव्यता के साथ गुरु दादू जयंती को विगत 56 वर्षों से मनाया जा रहा है। वहीं इस बार भी उनकी 481 वीं जयंती की पावन अवसर पर भव्य तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन विगत 4 अप्रैल से किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन सुबह शताधिक श्रद्धालुओं की उपस्थित में सुबह 7 बजे से श्री दादू वाणी जी का एक साथ 5 अखण्ड पाठ आरंभ किया गया। सायं 6 बजे महाराज रामभजन दास का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात शाम को बच्चों ने मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। शहर के सुप्रसिद्ध भजन गायक मोनू ठाकुर ने अपने मधुर भजनों से कार्यक्रम में समा बांधा। इसी तरह कार्यक्रम के अन्तर्गत डॉ. साहिल बंसल, कौशल आशाराम, अधीश रतेरिया व विनायक गुप्ता का सम्मान भी किया गया।

सुबह हुई महाआरती

देश के महान संत दादू की जयंती की खुशी में आज पांच अप्रैल को भी ब्रम्हऋषि संत शिरोमणि श्रीश्री 1008 श्री दादू दयाल महाराज के पुण्यप्रादूर्भव के उपलक्ष्य में 481वीं जयंती महोत्सव परम पावन दादूराम सत्यराम की ध्वनिमंत्र के साथ आज चैत्रसुदी अष्टमी को महंत लक्ष्मण दास स्वामी एवं महामण्डलेश्वर रामभजन दास स्वामी पुष्कर के सानिध्य में अलौकिक, धार्मिक आयोजन के साथ बड़े ही धूमधाम से पूजा – अर्चना की गई। इसके अंतर्गत सुबह 10 बजे दादू दयाल की महाआरती, पूजा प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं को किया गया।

रामलीला मैदान से निकली शोभा यात्रा
दादू भवन में पूजा – अर्चना कार्यक्रम के पश्चात शाम 5 बजे शहर के रामलीला मैदान में गुरु श्री दादू की महाआरती पूजा अर्चना के बाद ढ़ोल- नगाड़े, धमाल पार्टी, आतिशबाजी, मधुर भजन गीत व मनभावन विशाल फूलों से सुसज्जित रथ में गुरु दादू जी की प्रतिमा रख मनभावन झांकी के साथ भक्तगणों ने हाथों में ध्वजा लेकर यादगार भव्य शोभा यात्रा श्री दादू वाणी जी की जयकारे के साथ निकाली। जिसमें दादू जी के सभी भक्तगण शामिल हुए और मधुर भजनों के साथ सभी भक्तगण निहाल होकर झूमते रहे। वहीं श्रद्धालु महिलाएँ और बच्चे भी मनभावन झांकियों के साथ मस्त खुशी से झूमे व शोभा यात्रा पूरे शहर का परिभ्रमण करते हुए पुनः रामलीला मैदान दादू भवन पहुँची। सभी श्रद्धालुओं में श्रद्धा व उत्साह की गजब की झलक देखने को मिली।
जगह – जगह हुआ आत्मीय स्वागत
दादू जी के ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं का जगह – जगह सामाजिक संस्था व शहर के लोगों ने शीतल शरबत, नाश्ते व चाय से आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं समूचा अंचल आज दादूराम सत्यराम के पवित्र मंत्र से गुंजायमान हो गया। वहीं शोभायात्रा के पश्चात दादू भवन में रात को प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया गया इसके बाद सभी को प्रसाद वितरण किया गया।वहीं 6 अप्रैल को सुबह 10 बजे दादू भवन में भव्य भजन कीर्तन का आयोजन होगा एवं 12.30 बजे से महाभंडारा प्रसाद होगा। वहीं श्री दादू द्वारा समिति ने श्रद्धालुओं से इसमें शामिल होने का निवेदन किया है।
भव्यता देने में जुटे सदस्य
कार्यक्रम को भव्यता देने में दादू जी के सेवकगण दादू द्वारा ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश दयाल, ट्रस्ट से अजय रतेरिया, प्रमोद आशाराम, सुरेश आशाराम, जयंती अध्यक्ष कौशल आशाराम, सचिव कमलेश रतेरिया, कार्यकारिणी से डॉ. साहिल बंसल, विनायक गुप्ता, अधीश रतेरिया, विनय रतेरिया, गोलू आशाराम, प्रमोद अग्रवाल, कौशल अग्रवाल, मनन आशाराम व मंजू सांवड़िया, लता सांवड़िया, सरिता रतेरिया, रश्मि सांवड़िया, बरखा रतेरिया, संगीता दयाल, श्वेता रतेरिया, पूजा आशाराम सहित अनेक सदस्य भव्यता देने में जुटे हैं। डॉ. साहिल बंसल ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया।