गिरोह की 4 महिलाएं पहले ही फंस चुकी हैं पुलिस के शिकंजे में
रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। जिले के घरघोड़ा के ग्राम कोगनारा और बनई के रथ मेले में 4 महिलाओं को चैन स्नैचिंग की वारदात का शिकार बनाने के बाद फरार 2 मुल्जिमों को भी पुलिस ने आखिरकार धरदबोचा। यही नहीं, उनके कब्जे से वर्दीधारियों ने सोने का 5 पदक और बाइक भी बरामद किया है।
घरघोड़ा पुलिस ने चैन स्नैचिंग के फरार आरोपियों, राहुल गिरी और राजकुमार गिरी, को उनके निवास स्थान पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूटे गए 5 सोने के पदक और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों आरोपियों को रिमांड पर पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गत 10
जुलाई को थाना घरघोड़ा में रिपोर्टकर्ता श्रीमती वीना राठिया (25 वर्ष) निवासी ग्राम कोगनारा तथा श्रीमती दीपिका राठिया (25 वर्ष) निवासी ग्राम सा
रूढाप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम कोगनारा और ग्राम बनाई के रथ मेले में भीड़ के दौरान कुछ महिलाएं और पुरुष उनके गले से सोने की
चैन छीनकर भाग गए। इस रिपोर्ट के आधार पर घरघोड़ा थाना में धारा 309(6), 3(5), 61(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं आरती गिरी, राधा बाई, हेमाबाई गिरी और तिरथनी बाई को हिरासत में लिया। इन महिलाओं ने अपने बयान में खुलासा किया कि राहुल गिरी और रविंद्र गिरी ने इस अपराध की योजना बनाई थी।
दरअसल, 8 जुलाई को इन सभी ने मिलकर घरघोड़ा के ग्राम बनाई में तीन महिलाओं के गले से सोने
की माला लूट लिए। इसके अगले दिन
9 जुलाई
को
ग्राम कोगनारा के रथ मेले में दो और महिलाओं के गले से सोने के माला लूटे गए। घटना के बाद महिलाओं को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि राहुल गिरी और रविंद्र गिरी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए सोने के माला कीमती 65,000 रुपये बरामद किए और सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
इसी क्रम में कल पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने घर लौट आए हैं। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने पहले ग्राम सोनबरसा में दबिश दी और आरोपित राहुल गिरी को उनके निवास स्थान पर पकड़ा। उसे साथ लेकर आरोपित राजकुमार गिरी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 नग सोने के पदक वजनी लगभग 3 ग्राम कीमती 21,000 रुपये और अपराध में इस्तेमाल की गई एक नीला-काला यामाहा बाइक (सीजी-12-बी.एन.-9847) बरामद की। आरोपी राहुल गिरी (19 वर्ष) निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा और राजकुमार गिरी (40 वर्ष) निवासी ग्राम कोनकोना, थाना बांगो, कोरबा को न्यायिक रिमांड पर पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी की कार्यवाही में निरीक्षक थाना प्रभारी अमित तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राम सजीवन वर्मा, आरक्षक राजेश राठौर और दीप रोशन की अहम भूमिका रही।

